{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Dhighawa Mandi News: गोगा मंदिर माथा टेकने जा रहा युवक रुपाणी जोहड़ में डूबा, मौत; थाना प्रभारी ने खुद जोहड़ में उतरकर निकाला शव

ढिगावा मंडी के रुपाणी जोहड़ में पैर फिसलने से 35 वर्षीय कृष्ण उर्फ फौजी की डूबने से मौत। लोहारू थाना प्रभारी ने चलाया सर्च अभियान।
 

ढिगावामंडी। गोगा मंदिर में मंगलवार को माथा टेकने जा रहा 35 वर्षीय कृष्ण उर्फ फौजी बारिश के कारण पैर फिसलने से रुपाणी जोहड़ में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। तैरना नहीं आने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने पर लोहारू थाना प्रभारी सत्यनारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खुद जोहड़ में उतरकर सर्च अभियान चलाया।

काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक के बड़े भाई सुमेर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अलाउद्दीनपुर भुगला निवासी कृष्ण उर्फ फौजी मंगलवार को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर रुपाणी जोहड़ परिसर में बने गोगा मंदिर में माथा टेकने गया था। रास्ते के साथ लगते जोहड़ में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबता चला गया।

जोहड़ के पास बने मंदिर में श्रावण माह के कारण महिलाएं भजन-गीत गा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी। उन्होंने पड़ोस के खेत मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। खेत मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी सत्यनारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जोहड़ में उतरकर युवक की तलाश शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद कृष्ण का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहारू के सामान्य अस्पताल भिजवाया। कृष्ण उर्फ फौजी मेहनत-मजदूरी करता था और अविवाहित था। वह फिलहाल गांव में बन रही गोशाला में मजदूरी कर रहा था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई और एक बहन है।

लोहारू थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बताया कि मृतक के भाई सुमेर के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।