{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Dr. Arvind Kumar Sharma Charkhi Dadri: मंत्री अरविंद शर्मा का दीपेंद्र हुड्डा पर तीखा हमला, लापरवाही पर जेई सस्पेंड

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने चरखी दादरी में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना। जेई को किया सस्पेंड।
 

चरखी दादरी: चरखी दादरी में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कांग्रेस और सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा. दीपेंद्र हुड्डा के भाजपा द्वारा टारगेट किए जाने और लोकप्रियता बढ़ने वाले बयान पर मंत्री ने कहा कि, "कौन सी लोकप्रियता बढ़ गई भाई थारी? क्या तुम में कोई सुधार हो गया है, जो लोकप्रियता बढ़ गई?"

10 में से 8 शिकायतों का मौके पर निपटारा: मंत्री अरविंद शर्मा ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में 10 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें से 8 का मौके पर ही समाधान कराया गया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर समय पर समाधान किया जाए.

लापरवाही पर जेई को मौके पर सस्पेंड करने के आदेश: नए लघु सचिवालय क्षेत्र में घसोला फीडर से जुड़ी बिजली समस्या की सुनवाई के दौरान विभागीय लापरवाही सामने आई. मामले में मंत्री ने संबंधित जेई को मौके पर ही सस्पेंड करने के आदेश दिए. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि काम में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.

"प्रश्नकाल जनता की समस्याओं के लिए अहम मंच": विधानसभा में विपक्ष के हंगामे पर मंत्री ने कहा कि, "विधानसभा सत्र जनता के पैसे से चलता है और प्रश्नकाल लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है. प्रश्नकाल के दौरान 15 से 20 विभागों के अधिकारी पूरी तैयारी के साथ जनता की समस्याओं का जवाब देने आते हैं."

"एक घंटे का प्रश्नकाल शोर-शराबे में चला जाता है": अरविंद शर्मा ने आगे कहा कि, "लोग उम्मीद करते हैं कि उनके क्षेत्र की समस्याएं विधानसभा में उठेंगी, लेकिन विपक्ष के हंगामे से प्रश्नकाल प्रभावित होता है. विपक्ष उस पूरे एक घंटे के महत्वपूर्ण प्रश्नकाल को शोर-शराबे की भेंट चढ़ाकर खा जाता है. नाराजगी या किसी मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रश्नकाल के बाद भी समय लिया जा सकता है."

सेवा पखवाड़े पर विपक्ष को दिया जवाब: सेवा संकल्प पखवाड़े पर विपक्ष की आपत्तियों को लेकर मंत्री ने कहा कि, "भाजपा सरकार अंत्योदय की नीति पर काम कर रही है. किसान, मजदूर, गरीब, दलित, छोटे व्यापारी और बुजुर्गों के लिए योजनाएं लागू की गई हैं. लोग दिल से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए दीये जला रहे हैं और सेवा कार्यों से जुड़ रहे हैं."