{"vars":{"id": "123258:4912"}}

स्कूल अपडेट: गर्मी की छुट्टियों में होगा मरम्मत कार्य, विभाग ने जारी किए निर्देश

1 जुलाई से स्कूल खुलने से पहले शिक्षा विभाग ने स्कूलों की मरम्मत और सुविधाओं को दुरुस्त करने का दिया निर्देश। मुखियाओं को मिला 1 लाख तक का बजट।
 

गर्मी की छुट्टियों में शिक्षा विभाग ने स्कूलों को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल एक जुलाई से फिर खुलेंगे। इससे पहले विभाग हर स्कूल में बच्चों के लिए जरूरी सुविधाएं पूरी तरह से ठीक करने में जुटा है।

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वे गर्मी की छुट्टियों में स्कूलों में जरूरी मरम्मत कार्य करवाएं। इसके लिए स्कूल प्रमुखों को एक लाख रुपये तक का बजट अपने स्तर पर खर्च करने की अनुमति भी दी गई है।

इस राशि से स्कूलों में भवन की मरम्मत, बिजली की फिटिंग ठीक कराना, शौचालयों की सफाई व मरम्मत, पानी की टंकियों की सफाई और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने जैसे कार्य करवाए जाएंगे। विभाग ने साफ कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि छुट्टियों के बाद स्कूल में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं झेलनी पड़े। यदि स्कूल मुखिया ये काम नहीं कराते हैं तो उन्हें इसका कारण बताना होगा। स्कूलों में पहले भी यह शिकायतें आती रही हैं कि बच्चों को मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह नहीं मिलतीं। पढ़ाई के समय मरम्मत कार्य कराने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है इसलिए अब यह काम छुट्टियों में कराने का फैसला लिया गया है।

विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से स्कूलों को पत्र भेजकर यह निर्देश दिए हैं कि इस समय का पूरा उपयोग किया जाए। छुट्टियों के दौरान किए गए सभी कामों का पूरा रिकॉर्ड रखना भी जरूरी होगा।

यदि किसी स्कूल में काम नहीं हुआ तो संबंधित प्रधानाचार्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। स्कूल खुलने के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे। वे यह देखेंगे कि छुट्टियों के दौरान निर्देशों के अनुसार काम हुआ है या नहीं। जिन स्कूलों में लापरवाही मिलेगी वहां उचित कार्रवाई की जाएगी।