फरीदाबाद: 49 साल का इंतजार खत्म, 148 BPL परिवारों को मिले प्लॉट के कागज़
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के फतेहपुर बिलोच के 148 बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री के कागज वितरित किए गए. केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने लाभार्थियों को सेक्टर 28 के अपने कार्यालय पर रजिस्ट्री के दस्तावेज सौंपे. रजिस्ट्री मिलने के बाद परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला और लोगों ने सरकार का धन्यवाद किया. लाभार्थियों का कहना था कि अब उन्हें अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा. कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि आज 148 परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री दी गई है. इससे इन परिवारों को अपना घर बनाने में मदद मिलेगी और उनके सिर पर अपनी छत होगी. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.
एसआईआर पर क्या बोले गुर्जर : कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने मतदाता सूची के SIR पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ये प्रक्रिया चुनाव आयोग द्वारा नियमों के अनुसार की जा रही है. इसका उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना है. जो लोग किसी अन्य स्थान पर चले गए हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे, जबकि नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे. उन्होंने लोगों से इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है.
तोड़ने की बात सिर्फ अफवाह : कॉलोनियों में कथित तोड़फोड़ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शहर में कॉलोनियों को तोड़ने की बातें केवल अफवाह हैं. सरकार ने पिछले वर्षों में कई कॉलोनियों को नियमित करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि यदि किसी जनहित परियोजना के रास्ते में अतिक्रमण आता है तो उसे हटाना पड़ता है. मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है.
100 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री मिली : वहीं लाभार्थियों ने कहा कि उन्हें दिए गए 100-100 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री 49 साल बाद मिली है. उन्हें प्लॉट तो पहले ही दिए जा चुके थे लेकिन उस पर कब्जा नहीं मिल रहा था. गांव के दबंग लोग उन पर कब्जा नहीं करने दे रहे थे, लेकिन 49 साल बाद उन्हें रजिस्ट्री मिली है. बस अब उन्हें जमीन पर कब्जा मिल जाए और अपना घर बना लें तो सही मायने में हमें अपना घर मिल जाएगा.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App