Property Dealer Robbery Faridabad: जमीन की रजिस्ट्री के लिए रखे थे रुपये, हथियारबंद बदमाशों ने दिया सनसनीखेज लूट को अंजाम
फरीदाबाद : फतेहपुर तगा गांव में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और घर में रखी बड़ी रकम लेकर फरार हो गए। वारदात रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जमीन की रजिस्ट्री के लिए घर में रखी थी नकदी
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर तगा निवासी अब्दुल करीम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वह पूर्व सरपंच असरद के भाई बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि शनिवार को जमीन की कुछ रजिस्ट्रियां होनी थीं। इसके लिए घर में बड़ी मात्रा में नकदी रखी गई थी। यह रकम कथित तौर पर जमीन बेचने से मिली थी।
रात ढाई बजे घर में घुसे करीब पांच बदमाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब ढाई बजे करीब पांच हथियारबंद बदमाश घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने अब्दुल करीम को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
लूटी गई रकम को लेकर अलग-अलग जानकारी
प्रारंभिक जानकारी में करीब एक करोड़ रुपये की नकदी लूटे जाने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ जानकारी में लूटी गई रकम डेढ़ करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक लूटी गई रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस नकदी की सही मात्रा का सत्यापन कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में सुराग मिल सके।
रकम की जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची, जांच में जुटी पुलिस
धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घर में इतनी बड़ी रकम रखे होने की जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।