{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Faridabad Delhi DME Expressway: फरीदाबाद-पलवल वालों को बड़ी सौगात, सराय काले खां का रास्ता हुआ 15 मिनट का

फरीदाबाद और पलवल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर, सराय काले खां तक पहुंचने का समय घटकर 15 मिनट हुआ।
 

फरीदाबाद: फरीदाबाद और पलवल से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए राहत की खबर है. दरअसल, सराय काले खां और कालिंदी कुंज से DME-KMP को जोड़ने वाले मार्ग को ट्रायल के तौर पर खोले जाने से दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. इस मार्ग के शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय और ईंधन दोनों बच सकते हैं.

10 से 15 मिनट में सराय काले खां पहुंचने की उम्मीद: केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इसे फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया. उन्होंने कहा कि, "नए मार्ग के शुरू होने के बाद फरीदाबाद से सराय काले खां तक पहुंचने में लगने वाला समय करीब 10 से 15 मिनट तक सिमट सकता है. इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. नए कनेक्टिविटी रूट से बदरपुर बॉर्डर, आश्रम और कालिंदी कुंज की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव कम होने की संभावना है. इससे इन प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिल सकती है. खासकर पीक आवर्स में दिल्ली आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है."

6 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना: कृष्णपाल गुर्जर ने आगे बताया कि, "इस महत्वपूर्ण परियोजना पर 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ है. इस परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और लोगों के सफर का समय काफी कम होगा. परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हम आभार जताते हैं."

जेवर एयरपोर्ट से मेट्रो तक कई परियोजनाएं: केंद्रीय राज्य मंत्री ने आगे कहा कि, "फरीदाबाद की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए आने वाले समय में कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी. इनमें जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, मंझावली पुल, RRTS और बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो जैसी परियोजनाएं शामिल हैं. इनके पूरा होने से दिल्ली-NCR के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचना और आसान होगा. आश्रम से सराय ख्वाजा तक लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए दिसंबर से काम शुरू होने की बात है. इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद फरीदाबाद की दिल्ली से कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा और लोगों को रोजाना के आवागमन में राहत मिलेगी."