{"vars":{"id": "123258:4912"}}

फरीदाबाद: बिजली कटौती पर भड़के लोग, जेई के साथ हाथापाई, देखें वीडियो

फरीदाबाद के इस्माइलपुर-पल्ला रोड पर बिजली न आने से लोगों का गुस्सा फूटा। प्रदर्शन के दौरान जेई के साथ धक्का-मुक्की, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

 

फरीदाबाद: लगातार कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार शाम इस्माइलपुर-पल्ला रोड पर फूट पड़ा. स्थानीय निवासियों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया. इसी दौरान मौके पर पहुंचे बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) के साथ महिलाओं की तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई.

बिजली आपूर्ति ठप होने से फूटा लोगों का गुस्सा: घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं जेई से तीखे सवाल करती और उनका कॉलर पकड़कर विरोध जताती दिखाई दे रही हैं. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ.

प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन: स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली नहीं होने से पेयजल की भी गंभीर दिक्कत खड़ी हो गई है. पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि नियमित बिजली नहीं मिल रही.

जेई के साथ हाथापाई: प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि जेई ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अनुचित तरीके से छुआ. इसी आरोप के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया तथा महिलाओं ने मौके पर ही कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. वहीं, जेई शिवकुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वो केवल लोगों की शिकायत सुनने और बिजली आपूर्ति बहाल कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे. उनके अनुसार, नाराज लोगों ने गुस्से में उनके साथ दुर्व्यवहार किया और लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं.

पुलिस मामले की जांच में जुटी: पल्ला थाना के SHO सत्य प्रकाश ने बताया कि "स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही हम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर सड़क से जाम हटवाया और जेई को सुरक्षित वहां से निकाला. बिजली विभाग की टीम प्रभावित इलाके में आपूर्ति सामान्य करने के लिए काम कर रही है. मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है."