फरीदाबाद नगर निगम में ACB की रेड; पुराने विकास कार्यों की फाइलों को लिया कब्जे में
फरीदाबाद नगर निगम पर ACB का शिकंजा। इंजीनियरिंग विंग के रिकॉर्ड और 10 साल की फाइलों की जांच। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विपुल गोयल के तीखे तेवरों के बाद बड़ी कार्रवाई।
फरीदाबाद: मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB की टीम ने फरीदाबाद नगर निगम में कथित घोटालों को लेकर छापेमारी की. एसीबी की टीम ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर विभिन्न विभागों, खासकर इंजीनियरिंग विंग के कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच की. टीम ने कई घंटों तक रिकॉर्ड और संबंधित फाइलों को खंगालने का काम किया. इस कार्रवाई को हाल ही में हुई दिशा बैठक से जोड़कर देखा जा रहा है.
फरीदाबाद नगर निगम पर एसीबी की रेड: बता दें कि दिशा बैठक में भ्रष्टाचार का मुद्दा सामने आया था. जिस पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद नगर निगम को लूट का अड्डा बताया और अधिकारियों को फटकार लगाई. इसके बाद कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों की जांच कराने की बात कही थी. माना जा रहा है कि इसी के चलते एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने फरीदाबाद नगर निगम पर रेड की है.
'दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई': एंटी करप्शन ब्यूरो की इस कार्रवाई पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि "मामले की जांच की जा रही है, पिछले दस वर्षों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. जो भी दोषी होगा. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."
पुरानी फाइलों को कब्जे में लिया: फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक एसीबी की टीम ने फरीदाबाद नगर निगम के ऑफिस से कई पुराने कामों की फाइलों को कब्जे में लिया है. ACB की एंट्री ने ये साफ कर दिया है कि अब पुराने कामकाज की परतें खुल सकती हैं. आने वाले दिनों में इस जांच से बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
12 मई को हुई थी दिशा बैठक: 12 मई को हुई दिशा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और बीजेरी के तीन विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, धनेश अदलखा ने नगर निगम के कामकाज पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने निर्माण कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और खर्चों में अनियमितताओं के आरोप लगाए थे. बताया गया कि अधिकारी अपने कमीशन के लिए ठेकेदार के साथ मिलकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल निमार्ण कार्यों में कर रहे हैं. जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों की फटकार लगाई थी.
विकास कार्यों में घटिया सामग्री का आरोप: नगर निगम के विकास कार्यों में घटिया सामग्री लगाने को लेकर 2 एसडीओ और एक जेई को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है. इसके अलाावा निगम में भ्रष्टाचार के मामले को लेकर एसडीओ संजय बंसल को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है और मामले की जांच एडिशनल कमीश्नर द्वारा की जा रही है. जांच के दौरान ACB के डीएसपी मनीष सहगल अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते नजर आए.