{"vars":{"id": "123258:4912"}}

BK Hospital Faridabad Case: फरीदाबाद में पिटबुल के हमले से गंभीर रूप से घायल हुआ छात्र, पुलिस ने शुरू की जांच

फरीदाबाद के एनआईटी-3 इलाके में पिटबुल कुत्ते ने 7वीं के छात्र पर किया हमला। शरीर पर 16 जगह काटे, पुलिस जांच जारी।
 

फरीदाबाद : एनआईटी-3 नंबर के बी ब्लॉक में शनिवार शाम पिटबुल कुत्ते ने 7वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया। कुत्ते ने छात्र के हाथ-पैर समेत शरीर पर करीब 16 जगह काट लिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को घर ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

एनआईटी-3 नंबर बी ब्लॉक निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह बीके चौक पर खाने की रेहड़ी लगाते हैं। शनिवार शाम उनका 7वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा ग्रन्थ साइकिल लेकर गली में गया था। घर से कुछ दूरी पर वह एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पिटबुल कुत्ता घर से बाहर निकला और अचानक ग्रन्थ पर हमला कर दिया।

लोगों ने कुत्ते को बच्चे से अलग कराया

जितेंद्र के मुताबिक कुत्ते ने उनके बेटे को लगातार काटा। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटने के बाद कुत्ते को बच्चे से अलग किया गया। परिजनों का आरोप है कि हमले के दौरान कुत्ते के मालिक ने बच्चे को बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। हमले में बच्चे के हाथ-पैर समेत शरीर पर करीब 16 जगह काटने के निशान आए हैं।

बीके अस्पताल से किया गया रेफर
हमले के बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और इसके बाद बच्चे को रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में दिखाया। फिलहाल बच्चे का घर पर इलाज चल रहा है।

पुलिस शिकायत के आधार पर कर रही जांच
जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एनआईटी-3 नंबर चौकी में दी है। चौकी प्रभारी मनोज के अनुसार शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और कुत्ते के मालिक की भूमिका की जांच कर रही है।