बेबी प्लाज़ा स्पा और होटल बिग टाउन पर पुलिस की छापेमारी, संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई
फरीदाबाद पुलिस ने बेबी प्लाज़ा स्पा और होटल बिग टाउन में छापेमारी कर 5-6 युवतियों सहित कई पुरुषों को हिरासत में लिया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शहर के बेबी प्लाज़ा स्पा और होटल बिग टाउन में छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों स्थानों पर हड़कंप मच गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 से 6 युवतियों सहित कुछ पुरुषों को हिरासत में लिया. सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई: स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों स्थानों पर लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं. क्षेत्र की निवासी सभ्यता ने कहा कि, "हमने कई बार पुलिस को शिकायत दी थी. यहां लड़कियों और लड़कों का लगातार आना-जाना लगा रहता था, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था. लगातार शिकायतों के बाद आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई की है." स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि जांच में यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दस्तावेज और रिकॉर्ड की हो रही जांच: पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. मौके से मिले सभी लोगों की पहचान की जा रही है. साथ ही होटल और स्पा सेंटर के रजिस्टर, दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित प्रतिष्ठानों में सभी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं.
जांच पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई: मामले की जांच कर रहे एसीपी अर्जुम देव ने कहा कि, "फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वहां किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी या नहीं. यदि जांच में किसी भी तरह की अनियमितता या गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है."