{"vars":{"id": "123258:4912"}}

फरीदाबाद: गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

फरीदाबाद के बादशाहपुर गांव में 26 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस जांच जारी।

 

फरीदाबाद: खेड़ी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव में 26 वर्षीय विवाहिता अंजलि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अंजलि 6 महीने की गर्भवती थी. परिजनों का आरोप है कि मायके में तय समय से चार दिन ज्यादा रुकने के कारण ससुराल वाले उससे नाराज रहते थे और पिछले कई दिनों से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. घटना के बाद महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.

फरीदाबाद में गर्भवती महिला की हत्या: मृतका के परिजनों के अनुसार अंजलि करीब 15 दिन पहले गर्मी की छुट्टियों में अपने मायके, पलवल के पास स्थित देवली गांव गई थी. बताया जा रहा है कि वह ससुराल वालों से 10 दिन में लौटने की बात कहकर गई थी, लेकिन दो-तीन दिन अधिक रुक गई. इसी बात को लेकर उसके पति मनोज और परिवार के अन्य सदस्य उससे नाराज हो गए. परिजनों का आरोप है कि पिछले चार-पांच दिनों से घर में इसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था और अंजलि को बार-बार ताने दिए जा रहे थे.

मायके जाने से नाराज था ससुराल पक्ष? अंजलि की चाची कविता ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह करीब 9 बजे उनकी अंजलि से फोन पर बात हुई थी. बातचीत के दौरान अंजलि काफी परेशान थी और रो रही थी. उसने बताया कि घर में कोई उससे ठीक से बात नहीं कर रहा है. वह कई बार अपनी गलती मानकर माफी भी मांग चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया जा रहा है. उसने यह भी कहा कि परिवार के लोग उसके हाथ का खाना तक नहीं खा रहे हैं और उससे दूरी बनाकर रख रहे हैं.

ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप: चाची कविता ने बताया कि सुबह बातचीत के करीब आधे घंटे बाद ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया. उन्हें बताया गया कि अंजलि पोछा लगाते समय सीढ़ियों से नीचे गिर गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो अंजलि की मौत हो चुकी थी.

पीड़ित परिजनों ने की इंसाफ की मांग: मायके पक्ष का आरोप है कि अस्पताल में अंजलि के मुंह से झाग निकल रहा था और उसका शरीर फूला हुआ था. उनका कहना है कि यह देखकर उन्हें शक हुआ कि उसे कोई जहरीला पदार्थ खिलाया गया है. उनका यह भी कहना है कि यदि वह सीढ़ियों से गिरी होती तो उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई देते, लेकिन उन्हें ऐसे निशान नहीं दिखे. इसी आधार पर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अंजलि की हत्या करने का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

दोषियों पर कार्रवाई की मांग: परिजनों ने बताया कि अंजलि की शादी करीब छह साल पहले बादशाहपुर निवासी मनोज के साथ हुई थी. उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं. अब अंजलि छह महीने की गर्भवती भी थी. उसकी मौत से परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

पुलिस मामले की जांच में जुटी: वहीं, इस मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि "महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत किस कारण से हुई. यदि परिजनों की ओर से शिकायत दी जाती है, तो उसके आधार पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है."