Faridabad Sanjay Colony Incident: कोर्ट मैरिज के बाद लड़के के घर जमकर हंगामा, लड़की पक्ष पर मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
फरीदाबाद : फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र की संजय कॉलोनी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक और युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते कोर्ट मैरिज की। आरोप है कि शादी से नाराज युवती के परिजन युवक के घर पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के परिवार के करीब छह लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि संजय कॉलोनी इलाके के रहने वाले एक युवक ने युवती के साथ कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि इस शादी से नाराज युवती के परिजन युवक के परिवार के घर पहुंचे और वहां विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया परिजनों का आरोप है कि हमले में परिवार के करीब छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि कोर्ट मैरिज के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कथित तौर पर युवक के परिवार पर हमला किया गया। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।