{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Faridabad Sector 18 Truck Firing: फरीदाबाद में बेकाबू ट्रक का कहर, 6 मवेशियों की जान जाने पर बेकाबू हुई भीड़, पुलिस तैनात

फरीदाबाद के सेक्टर-18 में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 6 मवेशियों की मौत और 3 घायल। हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगाई, पुलिस जांच में जुटी।

 

फरीदाबाद : शहर के सेक्टर 18 इलाके में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों (पशुओं) को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 6 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय निवासियों में घटना को लेकर भारी रोष है। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल पशुओं को उपचार के लिए नजदीकी पशु अस्पताल भिजवाया गया है, वहीं मृत पशुओं के शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक के नंबर और चालक की पहचान में जुटी है।