{"vars":{"id": "123258:4912"}}

SGM Nagar Faridabad News: मीट मार्केट के पास हुआ जोरदार हादसा, टूटकर बिखर गया बिजली का खंभा और मीटर

फरीदाबाद के बड़खल क्षेत्र में तेज रफ्तार थार बिजली के खंभे से टकराई। हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस जांच जारी।
 

फरीदाबाद : फरीदाबाद के बड़खल क्षेत्र में एनआईटी-4 और 5 नंबर चौक स्थित मीट मार्केट के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार थार बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर कई हिस्सों में बिखर गया। हादसे के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला एसजीएम नगर थाना क्षेत्र का है।

तेज रफ्तार में आ रही थी थार

स्थानीय मोबाइल दुकानदार रोहित के मुताबिक हादसा देर रात हुआ, उस समय बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं। उनके अनुसार, चिमनी बाई धर्मशाला की तरफ से एक थार तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और थार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। दुकानदार ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।

टक्कर से टूटे बिजली के तार और मीटर

हादसे में बिजली का खंभा टूटने के साथ ही उस पर लगी बिजली की तारें भी टूट गईं। खंभे पर लगे मीटर भी नीचे गिर गए। टक्कर के बाद मौके पर चिंगारियां फैल गईं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि देर रात बाजार बंद था और मौके पर लोगों की ज्यादा आवाजाही नहीं थी। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। बाद में बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त व्यवस्था को ठीक किया।

CCTV और वायरल वीडियो से चालक की तलाश

पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। थार चालक और वाहन मालिक की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर वाहन तथा चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।