{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Faridabad Tigaon Police News: फरीदाबाद के मोजाबाद में सनसनी; खेत में दबा मिला शव, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

गांव मोजाबाद के खेतों में 32 वर्षीय श्यामवीर का शव मिट्टी में दबा मिला। हत्या की आशंका में पुलिस जांच में जुटी।
 

फरीदाबाद : फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र स्थित गांव मोजाबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खेतों में एक 32 वर्षीय युवक का शव मिट्टी में दबा हुआ बरामद हुआ है। मृतक की पहचान श्यामवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और अपनी पत्नी के साथ यहाँ खेतों में रहकर खेती-बाड़ी करता था।

 शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, श्यामवीर की हत्या कर पहचान व साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को खेत में दफना दिया गया था। इस जघन्य हत्याकांड में मृतक की पत्नी और उनके साथ ही रहने वाले एक अन्य व्यक्ति पर हत्या का गंभीर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह तीसरा व्यक्ति लंबे समय से श्यामवीर और उसकी पत्नी के साथ ही एक ही छत के नीचे रह रहा था।

 घटना की सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पूरे इलाके को सील कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

 हत्या के पीछे की असली वजह प्रेम प्रसंग है या कोई आपसी रंजिश, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी आधार पर आगामी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।