Sona-Ballabhgarh Road Accident Update: दो पुलिसकर्मियों की जान लेने वाला आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, सीसीटीवी में कैद हुई थी दर्दनाक घटना
फरीदाबाद: सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों को ट्रक से कुचलकर फरार होने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने 15 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी हादसे के बाद फरीदाबाद से भागकर यमुनानगर में छिपा हुआ था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
CCTV में कैद हुई थी दर्दनाक घटना: दरअसल, 26 अगस्त को हुए इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. फुटेज में ट्रक पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल को टक्कर मारता दिखाई दिया. इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी हादसे की चपेट में आ गए. घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था.
गश्त के दौरान पीछे से मारी टक्कर: इस बारे में फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि, "सिपाही नवीन कुमार और अभिषेक की ड्यूटी पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में थी. 26 अगस्त 2026 को दोनों पुलिसकर्मी सरकारी मोटरसाइकिल पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सोहना-बल्लभगढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक दोनों पुलिसकर्मियों के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई."
यमुनानगर में छिपा मिला आरोपी: मामले में थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने आरोपी चालक नवाब अली, निवासी महियदीपुर, यमुनानगर को 8 सितंबर को यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी हादसे के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वहीं जाकर छिप गया था.
ट्रक पहले ही कब्जे में ले चुकी थी पुलिस: प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि, "हादसे में इस्तेमाल किया गया ट्रक पहले ही कब्जे में लिया जा चुका था. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है."