1 Lakh Bribe Arrested News 2026: फतेहाबाद में ACB की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख की रिश्वत लेते फूड सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
फतेहाबाद। भ्रष्टाचार के खिलाफ हरियाणा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह, विभाग का एक अनुबंधित कर्मचारी अरविंद कुमार और एक प्राइवेट व्यक्ति शेखर समराट शामिल हैं।
📞 टोल-फ्री नंबर 1064 पर की गई थी शिकायत
ACB टीम के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गांव पिलछियां स्थित एक राइस शेलर संचालक ने ACB के टोल-फ्री नंबर (1064) पर शिकायत दर्ज कराई थी।
💰 धान लिफ्टिंग और क्षमता बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता के अनुसार, धान के उठान (लिफ्टिंग), स्टॉक करने और क्षमता (MT) बढ़ाने के कार्य को सुचारू रखने की एवज में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर द्वारा 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। सौदे के मुताबिक आरोपी इंस्पेक्टर 1 लाख रुपये पहले ही ले चुका था और बकाया 1 लाख रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। पैसे न देने पर शेलर का ट्रांसपोर्ट व उठान का काम रोका जा रहा था।
🕵️♂️ ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रंगे हाथों दबोचे गए आरोपी
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB के द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर रेड की योजना बनाई गई। शुक्रवार को जब शिकायतकर्ता रिश्वत की दूसरी किस्त के रूप में एक लाख रुपये देने पहुंचा, तो कांटे पर काम करने वाले प्राइवेट व्यक्ति शेखर समराटा ने यह रकम ली और विभाग के कर्मचारी को थमा दी। इसके बाद अरविंद ने इंस्पेक्टर यादविंदर को फोन कर पैसे आने की सूचना दी। इशारा मिलते ही पहले से मुस्तैद ACB की टीम ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
🏢 ऑफिस के कर्मचारी को लगा रखा था फील्ड में
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दूसरा आरोपी अरविंद कुमार DFSC विभाग में HARTRON के माध्यम से कार्यरत है। उसकी आधिकारिक ड्यूटी कार्यालय के अंदर की थी, लेकिन इंस्पेक्टर यादविंदर ने उसे अवैध वसूली व अन्य कार्यों के लिए फील्ड में लगा रखा था।
⚖️ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी।