{"vars":{"id": "123258:4912"}}

फतेहाबाद में उधार दूध न देने पर डेयरी संचालक पर चाकू से हमला, सीसीटीवी में कैद वारदात

फतेहाबाद के डीएसपी रोड स्थित गांधी डेयरी पर उधार में दूध न देने को लेकर विवाद में आरोपियों ने संचालक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

 

फतेहाबाद : फतेहाबाद शहर के डीएसपी रोड स्थित गांधी डेयरी पर सोमवार शाम उधार में दूध नहीं देने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक अपने 3-4 साथियों के साथ लौट आया और डेयरी संचालक टोनी गांधी पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में टोनी गांधी और डेयरी का एक कारिंदा घायल हो गए. दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना: हमले की पूरी वारदात डेयरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. घटना के दौरान दुकान में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी.

"उधार में दूध नहीं दिया तो हमला कर दिया": डेयरी संचालक टोनी गांधी ने बताया कि, "आरोपी युवक उधार में दूध मांगने आया था, लेकिन मेरे भाई ने उधार देने से मना कर दिया. इससे वह नाराज होकर चला गया. कुछ देर बाद वह अपने 3-4 साथियों के साथ लौटा और बहस करने लगा. देखते ही देखते उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और मुझ पर चाकू से हमला कर दिया. जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी वहां से भाग निकले."

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश: पुलिस की मानें तो आरोपी युवक फतेहाबाद के अशोक नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

"जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी": इस पूरे मामले में हुड्डा चौकी इंचार्ज अतुल ने कहा कि, "शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा."