फतेहाबाद: शादी से लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, घर में मचा कोहराम
फतेहाबाद के जाखल निवासी विशाल और हिमांशु की संगरूर के मूनक में कार एक्सीडेंट में मौत। शादी से लौटते वक्त बंगा गांव के पास हुआ हादसा। पुलिस जांच में जुटी।
फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही घर के 2 चिराग बुझा दिए। मंगलवार की सुबह फतेहाबाद के जाखल के रहने वाले जिंदल परिवार के लिए काल बनकर आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों मृतक भाई विशाल (30) और हिमांशु (25) हैं। दोनों ही दिड़बा मंडी में एक शादी में गए थे। बाद में वे कार में घर लौट रहे थे तभी एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे पंजाब में संगरूर जिले के मूनक में बंगा गांव के पास हुआ जहां बिजली ग्रिड के पास दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर की आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग डर गए।
हादसे के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों भाई लहूलुहान अवस्था में बेसुध पड़े थे और 4 लोग घायल हो गए। दोनों को जब अस्पताल ले जाया गया तो इससे पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरु कर दी है।