Haryana Fatehabad Cleaning Campaign: भारी पुलिस बल के साए में चला सफाई अभियान, DMC ने की हड़ताल खत्म करने की अपील
फतेहाबाद: फतेहाबाद शहर में कई दिनों से जमा कचरे के ढेर हटाने के लिए रविवार देर रात करीब एक बजे प्रशासन ने सफाई अभियान शुरू किया. नगर परिषद की टीम भारी पुलिस बल के साथ भूना रोड पहुंची और यहां से कचरा उठाने का काम शुरू किया. अभियान के दौरान 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे.
बुलडोजर पर चढ़े कर्मचारी: वहीं, कचरा उठाने पहुंची नगर परिषद की टीम का सफाई कर्मचारियों ने विरोध किया. कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अभियान रोकने का प्रयास किया और कुछ कर्मचारी बुलडोजर पर भी चढ़ गए. इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया.
राष्ट्रगान के बीच हिरासत में लेने का दावा: सफाई कर्मचारियों ने कार्रवाई के दौरान पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया. कर्मचारियों का आरोप है कि राष्ट्रगान के दौरान भी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया. इस दौरान कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए रोष जताते नजर आए.
200 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात: वहीं, प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था. ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतपाल रोज के नेतृत्व में कार्रवाई हुई. फतेहाबाद के डीएमसी प्रवीण कुमार और डीएसपी संजय बिश्नोई भी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस की मौजूदगी में नगर परिषद की गाड़ियां कचरा उठाने में जुटी रहीं.
अलग-अलग थानों में ले जाए गए कर्मचारी: मौके पर मौजूद डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया कि, "विरोध कर रहे कर्मचारियों को अलग-अलग थानों में ले जाया गया है. प्रशासन की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था. भूना रोड के बाद टीम ने शहर के अन्य कचरा प्वाइंट पर भी सफाई अभियान आगे बढ़ाया."
सरकार के आदेश पर शुरू किया सफाई अभियान: वहीं, डीएमसी प्रवीण कुमार ने कहा कि, "सरकार के आदेश पर आज पूरे शहर की सफाई शुरू कर दी गई है. इसके लिए सामाजिक संस्थाओं और प्राइवेट लोगों की मदद ली जा रही है.आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था में कोई ढील नहीं रहने दी जाएगी." प्रवीण कुमार ने सफाई कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि, "सरकार द्वारा उनकी जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है. कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता छोड़कर अपने काम पर वापस लौटना चाहिए."
कई दिनों से सफाई व्यवस्था थी प्रभावित: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पिछले कई दिनों से शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे. डोर-टू-डोर कचरा उठान व्यवस्था प्रभावित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. मुख्य बाजारों और सड़कों के किनारे जमा कचरे से दुर्गंध के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ था.
तनाव के बीच जारी रहा कचरा उठान: पुलिस कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही. प्रशासन ने कचरा उठान अभियान जारी रखा. वहीं, सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं.