{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Ganaur Yamuna Bega Ghat Accident: यमुना नदी में बहे दो सगे भाइयों में से एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

यमुना नदी के बेगा घाट पर नहाते समय बहे दो भाइयों में से एक का शव मिला। दूसरे भाई शिवम की तलाश के लिए तीसरे दिन भी एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है।
 

गन्नौर : यमुना नदी के बेगा घाट पर नहाते समय तेज बहाव में बहे दो सगे भाइयों में से 17 वर्षीय शिवम का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। शिवम की तलाश के लिए यमुना में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी नदी में तलाश अभियान चला रही है, जबकि पुलिस और ग्रामीण भी इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले शिवम अपने छोटे भाई 15 वर्षीय सत्यम के साथ बेगा घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान दोनों भाई यमुना के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों की तलाश शुरू कर दी गई। सर्च अभियान के दौरान 15 वर्षीय सत्यम का शव पहले ही बरामद हो चुका है। सोमवार को पुलिस ने सत्यम के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे स्वजन को सौंप दिया।

इसके बाद स्वजन अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर चले गए। वहीं, बड़े भाई शिवम की तलाश के लिए यमुना में अभियान लगातार जारी है।गोताखोर नदी में संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम भी यमुना के विभिन्न हिस्सों में सर्च अभियान चला रही है। पुलिस और ग्रामीण भी नदी किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में शिवम की तलाश में जुटे हैं। तीन दिन बीत जाने के बावजूद शिवम का कोई पता नहीं चलने से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक बेटे का शव मिलने और दूसरे बेटे का अभी तक सुराग न लगने से परिवार के लोगों के आंसू नहीं रुक रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिवम की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है और उसका पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।