{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गन्नौर: पुलिस टीम पर हमला, सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़े, आरोपी फरार

गन्नौर के पीरगढ़ी गांव में घरेलू विवाद सुलझाने गई पुलिस पर आरोपी ने किया हमला। ईआरवी गाड़ी पर पथराव कर शीशे तोड़े, जान से मारने की धमकी देकर हुआ फरार।

 

गन्नौर: पीरगढ़ी गांव में घरेलू विवाद की शिकायत पर पहुंची पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी ने हाथापाई कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। इतना ही नहीं, पुलिस टीम के लौटते समय सरकारी ई.आर.वी. गाड़ी पर पथराव कर आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में ई. आर. वी. के चालक सिपाही सतनाम ने बताया कि वह 28 जून की रात अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर था। रात के समय डायल 112 हैडक्वार्टर पंचकूला से सूचना मिली कि पीरगढ़ी निवासी बिमला ने अपने बेटे नरेंद्र पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मौके पर पहुंची और नरेंद्र को समझाकर मामला शांत करवाया। आरोप है कि इसी दौरान नरेंद्र ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच, हाथापाई और रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार किया।

शिकायत के अनुसार पुलिस टीम जब गांव से लौट रही थी तो नरेंद्र ने सरकारी ई. आर. वी. पर पत्थर फेंक दिए जिससे गाड़ी के आगे और पीछे के शीशे टूट गए। जब वे गाड़ी से उतरे तो नरेंद्र ने उन पर पत्थर फेंका लेकिन वे बाल-बाल बच गए। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।