{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गोहाना: स्टेडियमों में लगेंगे 25 लाख के बड़े LED स्क्रीन और आधुनिक स्पीकर्स, चेयरपर्सन रजनी विरमानी की नई पहल

गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने शहर के स्टेडियमों के कायाकल्प की योजना शुरू की है। मदन लाल धींगड़ा और जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 25 लाख रुपये की लागत से LED स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे।

 

गोहाना : नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी के नेतृत्व में शहर के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक नई पहल की जा रही है। नगर परिषद द्वारा मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम तथा जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में दो बड़े LED TV स्क्रीन स्थापित किए जाएंगे, जिन पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेडियमों में आधुनिक स्पीकर्स भी लगाए जाएंगे।

चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इन LED स्क्रीन और साउंड सिस्टम के माध्यम से स्टेडियमों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और अन्य आयोजनों को अधिक प्रभावी व आकर्षक बनाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के मानसिक तनाव को कम करने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम बनेगी। अब बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ स्टेडियमों में आकर खेल गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे, नई चीजें सीख सकेंगे और स्वयं भी खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे।

रजनी विरमानी ने कहा कि नगर परिषद का यह प्रयास सामाजिक मेलजोल को बढ़ावा देने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और गोहाना को एक सक्रिय, जीवंत एवं प्रगतिशील शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।