{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sector 65 Police Station Gurgaon Case: बदमाशों ने घर में घुसकर कनपटी पर लगाया हथियार, कई लोग गंभीर रूप से घायल

बहरामपुर गांव में रोडरेज के विवाद के बाद घर में घुसकर परिवार पर हमला। लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे आरोपी, पुलिस जांच जारी।
 

गुड़गांव : गांव बहरामपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लाठी-डंडों से लैस होकर करीब दो दर्जन लोग एक परिवार पर हमला करने पहुंच गए। दरवाजा खुलते ही आरोपी घर के अंदर प्रवेश कर गए और जो भी सामने आया उस पर हमला कर दिया। घर की महिलाओं का आरोप है कि एक युवक के पास हथियार भी था जिसने बीच बचाव में आई उनकी बेटी की कनपटी पर हथियार लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। पूरी वारदात को अंजाम रोडरेज में हुई बहस के बाद दिया गया। सूचना मिलते ही देर रात को पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस  ने पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया और जांच में जुट गई। हालांकि मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस अभी कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है।

परिजनों की मानें तो घटना में घायल गजराज की हालत गंभीर है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गजरात की पत्नी ने बताया कि वह जब गजराज को बचाने के लिए बीच में आई तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। बच्चे बीच में आए तो आरोपियों ने उनकी बेटी की कनपटी पर हथियार लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। घायल गजराज के भतीजे पवन ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े 5 बजे से शुरू हुई। जब गजराज की गाड़ी और आरोपियों की गाड़ी में ऑप्टम कंपनी के पास मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई। मामले को शांत करने के लिए गजराज मौके से अपने घर आ गया। रात करीब 8 बजे जब वह घर पर थे तो अचानक कुछ गाड़ियों में लाठी-डंडे व सरिए लेकर कुछ लोग आए और घर पर हमला बोल दिया।

चाची ने जैसे ही दरवाजा खोला वैसे ही आरोपी घर के अंदर प्रवेश कर गए और सभी से मारपीट करने लगे। पूरी वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच करने पहुंची। यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया। सीसीटीवी कैमरे में हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर गुजरते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, जिन गाड़ियों में हमलावर आए थे उन गाड़ियों का काफिला भी यहां से गुजरता दिखाइ दे रहा है। फिलहाल मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।