{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचा चालक

गुड़गांव के खेड़कीदौला टोल के पास चलती हुंडई I-10 कार में भीषण आग लग गई। चालक ने कूदकर बचाई जान। शॉर्ट सर्किट की आशंका। पढ़ें पूरी खबर।

 

गुड़गांव : जयपुर दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आज दोपहर को एक चलती हु्डई I-10 कार आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसा खेड़कीदौला टोल प्लाजा से कुछ दूर आगे दिल्ली की तरफ जाते हुए हुआ। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक ने गाड़ी से नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बन गई। वहीं, पीछे से आ रही ट्रैफिक पुलिस राइडर ने जब गाड़ी में आग लगी देखी तो उसने चालक की मदद की और यहां रुकने वाले वाहनों को तुरंत ही हटवाया और दमकल को इसकी सूचना दी। 

दमकल के आने में देरी होने पर यहां से गुजर रहे पानी के टैंकर को पुलिस ने रुकवा लिया और आग बुझाने का प्रयास किया गया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक गाड़ी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। वहीं, मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने भी स्थिति को संभाला और चालक की मदद करने के साथ ही यहां जाम को खुलवाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी में लगी आग तो बुझ गई, लेकिन गाड़ी पूरी तरह से जल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि अत्याधिक गर्मी होने और गाड़ी में ऐसी चलने के कारण हो सकता है कि गाड़ी अधिक हीट हो गई हो और उसने आग पकड़ ली हो। इसके अलावा यहा भी माना जा रहा है कि गाड़ी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ हो। जांच के बाद ही आग लगने के असल कारण पता लगेगा।