{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव: कासन के पूर्व सरपंच की हत्या के दोषी पूर्व फौजी की गोली मारकर हत्या

गुड़गांव के कासन गांव में सरपंच बहादुर की हत्या के दोषी पूर्व फौजी सुंदर की गोली मारकर हत्या। पेरोल पर बाहर आए सुंदर पर चौपाल के पास बदमाशों ने बरसाईं गोलियां।

 

गुड़गांव : कासन के सरपंच बहादुर की हत्या करने में मामले में जेल से पेरोल पर आए पूर्व फौजी सुंदर की आज सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम दो बदमाशों ने उस वक्त दिया जब वह गांव में चौपाल के पास चबूतरे पर बैठे हुए थे। वारदात के बाद आरोपी हथियार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मौके से एक देसी कट्टा व एक रिवाल्वर कब्जे में ली गई है। 

पुलिस के मुताबिक, सरपंच बहादुर और पूर्व फौजी सुंदर में गहरी दोस्ती थी। साल 2018 में दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था और इसी विवाद में पूर्व फौजी ने सरपंच को गोली मार दी थी। हत्या के बाद पूर्व फौजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस की मानें तो पूर्व फौजी सुंदर को सजा हो गई थी और वह भोंडसी जेल में सजा काट रहा था। अब 20 अप्रैल को सुंदर की बेटी की शादी थी जिसके लिए वह पेरोल लेकर गांव आया हुआ था। शादी के बाद वह गांव में ही मौजूद था। आज सुबह करीब 8 बजे सुंदर गांव में घूमते हुए चौपाल के पास बने चबूतरे पर बैठा हुआ था। 

बताया जा रहा है कि इस दौरान बाइक पर दो युवक आए और उन्होंने उस पर गोलियां बरसा दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूत्रों की मानें तो वारदात को अंजाम देने में मृतक सरपंच बहादुर का बेटा व उसका दोस्त शामिल है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी जिस बाइक पर आए थे उसे भी मौके पर छोड़ गए और हत्या के बाद हथियार भी मौके पर ही फेंककर चले गए। 

गोलियों की आवाज सुनकर जब पास ही मौजूद ग्रामीण मौके पर आए तो उन्होंने सुंदर को लहुलुहान हालत में देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह-सुबह हुई इस वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। मौके को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि शांति व्यवस्था न बिगड़े। वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।