Gurgaon Metro News Today: 160 टन वजनी यू-गर्डर लिफ्ट कर शुरू हुआ निर्माण कार्य, लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
गुड़गांव : गुरुग्राम मेट्रो विस्तार के कार्य में इंस्टॉल किए जाने वाले पहले यू-गर्डर का पूजन करने के लिए आधी रात को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर पहुंचे। परियोजना के तहत 160 टन वजनी पहला यू-गर्डर शुक्रवार देर रात 400 और 600 टन क्षमता वाली हाइड्रोलिक क्रेनों की सहायता से विधिवत्त मंत्रोच्चारण एवं पूजन के बाद साइबर पार्क के नजदीक पिलर नंबर 26/27 पर सफलतापूर्वक लिफ्ट किया गया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और कुछ समय के लिए ट्रैफिक रूट भी डायवर्ट किया गया।
मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने नारियल फोड़कर और तिलक लगाकर प्रोजेक्ट के जल्द पूरा होने की कामना भी की। इस दौरान मंत्री ने कहा कि गुड़गांव निवासियों के लिए आज का दिन एतिहासिक है। यह पहला यू-गर्डर स्थापित होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। कोशिश है कि इस परियोजना को तय समय में पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए। आपको बता दें कि मेट्रो विस्तार परियोजना पूरी होने से न्यू और ओल्ड गुड़गांव के बीच बेहतर कनेक्टिविटी हो जाएगी और रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को इसका फायदा मिलेगा। इसके साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण में भी काफी सहायता मिलेगी।
सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम में आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि शहर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। राव ने कहा कि पहले यू-गर्डर की लिफ्टिंग केवल निर्माण कार्य की शुरुआत का एक चरण नहीं, बल्कि गुरुग्राम के भविष्य की बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के आगे बढ़ने के साथ शहरवासियों को इसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देंगे। पहले यू-गर्डर के सफलतापूर्वक लिफ्ट होने से गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य को नई गति मिली है। आने वाले दिनों में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अन्य निर्माण गतिविधियों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद हरियाणा मास रेपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन एवं निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कोई समझौता न करें। अधिकारियों की मानें तो पहला यू-गर्डर स्थापित होने के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आएगी। आने वाले कुछ महीनों में सिविल वर्क का एक बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद मेट्रो ट्रैक बिछाने और सिग्नलिंग का कार्य शुरू हो जाएगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक (परियोजना एवं योजना) एस.आर. सांगवान, निदेशक (रोलिंग स्टॉक एवं इलेक्ट्रिकल) राजेश चतुर्वेदी तथा निदेशक (वित्त) रजत वर्मा, चीफ आर्किटेक्ट नम्रता कलसी, डीजीएम मधुर गोयल, निगम पार्षद कुलदीप यादव सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।