{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Madhubani Youth Murder Case: गुरुग्राम पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नेपाल भागे हत्यारोपी अभिमन्यु यादव को दबोचा

डेढ़ साल पुराने हत्या मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 10 हजार के इनामी आरोपी अभिमन्यु यादव को बिहार-नेपाल बॉर्डर से किया गिरफ्तार।
 

गुड़गांव : करीब डेढ़ साल पहले 21 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या करने के मामले में गुड़गांव पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी को  लौकहा बाजार बॉर्डर ( बिहार-नेपाल बॉर्डर) से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपी की पहचान अभिमन्यु यादव (उम्र-22 वर्ष) निवासी नवतोल जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है। 

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी तथा प्रणव (मृतक) की शराब के रुपए के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिस पर आरोपी ने प्रणव का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया तथा पुलिस से बचने के लिए नेपाल भाग गया था। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आपको बता दें कि 16 फरवरी 2025 की रात को एसपीआर चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बेगमपुर खटोला जाने वाले रोड पर कंपनी के पीछे सुनसान जगह पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक की पहचान प्रणव कुमार उम्र-21 वर्ष निवासी भहरी बाधनाह जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई।

19 फरवरी को मृतक के पिता ने पुलिस टीम को एक शिकायत के माध्यम से बतलाया कि इसका बेटा प्रणव कुमार गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी करता था। इसका लड़का अपने दो अन्य साथियों के साथ किराए पर रहता था। 15 फरवरी 2025 को इसके लड़के ने फोन पर इसको बताया था कि इसके रूममेट खर्चे के पैसे के बंटवारे को लेकर इसे झगड़ा कर रहे हैं। इसके बाद 17 फरवरी 2025 को पुलिस ने इसको सूचना दी की इसके लड़के का शव सुनसान जगह पर मिला है। इसके लड़के की उसके रूममेट व मकान मालिक ने षड्यंत्र के तहत हत्या की है। बादशाहपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए मामले को जांच के लिए अपराध शाखा सेक्टर-40 को भेज दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को 22 फरवरी 2025 को काबू कर लिया था। अब मामले में एक और आरोपी को काबू कर लिया है।