{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hotel Worker Beaten in Gurgaon: खाना लेने आए युवकों ने लाठी-डंडों से बोला हमला, पालम विहार थाना पुलिस की कार्रवाई

गुड़गांव के पालम विहार में होटल कर्मचारी से मारपीट मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार। स्कॉर्पियो और ऑरा कार बरामद।
 

गुड़गांव : पालम विहार थाना क्षेत्र में होटल पर खाना लेने आए युवकों की होटल कर्मचारी से हुई कहासुनी के बाद मारपीट करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कहासुनी के बाद आरोपियों ने होटल कर्मचारी और उसके साथी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और ऑरा कार के अलावा तीन डंडे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को होटल में हेल्पर के तौर पर काम करने वाले युवक ने पालम विहार थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह होटल पर मौजूद था। इसी दौरान एक व्यक्ति खाना लेने आया और किसी बात को लेकर उससे कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर उसके और उसके साथी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पालम विहार थाना पुलिस ने 20 सितंबर को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान संजय (27), योगेश (30), अमित कुमार (30), रोहित (26), पुनीत (30) और अमरदीप (28) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि होटल कर्मचारी से बकाया पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने मारपीट की थी। पुलिस ने दोनों कार और तीन डंडे कब्जे में ले लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।