Tushar Kumar Accident Gurgaon: ड्यूटी से लौट रहे मैकेनिकल इंजीनियर की बाइक को जेसीबी ने मारी टक्कर, मौके से चालक फरार
गुड़गांव : मोलसेरी एवेन्यू रेपिड मेट्रो स्टेशन के पास देर रात को सड़क हादसे में 27 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर तुषार कुमार की मौत हो गई। तुषार अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद देर रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था सोसाइटी में अपने ताऊ के घर जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक साइबर सिटी स्थित टीसीएस कंपनी में नौकरी करता था। वरदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तुषार मूल रूप से मथुरा के शांति नगर का रहने वाला था और गुड़गांव में अपने ताऊ के घर पर ही रहता था। वहीं, मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281, 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुषार की गर्दन टूट गई। जब उसे पास ही स्थित नारायणा अस्पताल ले जाया गया तो यहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आरोपी जेसीबी चालक फरार है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।