गुड़गांव: सेक्टर-85 में पार्किंग विवाद, 20 से अधिक गाड़ियों के तोड़े शीशे
गुड़गांव : खेड़की दौला थाना इलाके के सेक्टर-85 में पार्किंग को लेकर विवाद सामने आया है। यहां खाली मैदान में बनाई गई निजी पार्किंग में खड़ी 20 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। रविवार देर रात ये वारदात की गई। हैरत की बात ये है कि पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन मंगलवार शाम तक भी मामले में कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है।
सेक्टर-85 में एक सोसाइटी के पास खाली मैदान में निजी पार्किंग चलाई जा रही है। इस पार्किंग को लेकर दो पक्षों में रंजिश चल रही है। लगभग एक सप्ताह पहले भी यहां पर कहासुनी हुई थी। हर दिन यहां आस-पास के लोगों की 30 से 40 गाड़ियां खड़ी होती हैं। सोमवार सुबह जब लोग गाड़ियों के पास पहुंचे तो 20 से अधिक गाड़ियों के फ्रंट वाले शीशे टूटे हुए मिले। ईंट व भारी पत्थर मारकर इन सभी 20 से अधिक गाड़ियों के फ्रंट वाले शीशे तोड़े गए थे। कार के अन्य हिस्सों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया था।
स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि दो गाड़ियां तो ऐसी हैं जिन पर कार मालिकों ने रात को कवर ढका हुआ था। आरोप है कि दबंगों ने इनके कवर हटाकर फ्रंट शीशों को तोड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग को लेकर दो पक्षों में रंजिश है। इसी के चलते एक पक्ष ने ये वारदात की है। 20 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ना दबंगों की दबंगई को दिखाता है कि उनमें कानून का कोई खौफ नहीं है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि खेड़की दौला थाना पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची और जांच की। यहां कार्रवाई के लिए शिकायत देने को भी कहा गया। मंगलवार शाम तक पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। अपने स्तर पर जांच की जा रही है।