{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव: सोहना एलिवेटेड रोड पर फिर धंसी सड़क, लगा भारी जाम; देखें अपडेट

गुड़गांव के सोहना एलिवेटेड रोड पर सुभाष चौक के पास 10 फीट गहरा गड्ढा होने से मचा हड़कंप। 2 साल में चौथी बार धंसी सड़क, सीवर लीकेज बनी वजह। रूट डायवर्ट।

 

गुड़गांव : साल 2022 में सोहना एलिवेटेड रोड बनने के बाद से ही विवादों में आ गया है। यह विवाद कोई और नहीं बल्कि सड़क धंसने का है। हैरत की बात यह है कि पिछले दो साल में एक ही स्थान पर सुभाष चौक के नजदीक चार बार सड़क धंसने से करीब 10 फीट का गड्ढा बन गया है। हालात यह है कि इस रोड की करीब दो लेन को बंद करना पड़ा है। ऐसे में यहां जाम लगना शुरू हो गया है। 

एनएचएआई के अधीन आने वाले इस सोहना एलिवेटेड रोड के नीचे से जीएमडीए की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। इस सीवरलाइन के लीक होने के कारण यहां बार-बार सड़क धंसने की घटना हो रही है। पहले भी जब सड़क धंसी थी तो भी जीएमडीए की तरफ से इस लाइन की मरम्मत कर दी गई थी और दावा किया गया था कि अब यहां दोबारा लीकेज नहीं होगी, लेकिन एक बार फिर यहां अधिकारियों के दावों की पोल खुल गई है। जिसके कारण यहां 10 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर यहां बेरिकेड लगाकर रूट को डायवर्ट कर दिया है, लेकिन इसके कारण यहां जाम लगा हुआ है।

लोगों की मानें तो कल जब यहां सड़क धंसी तो पहले छोटा सा गड्ढा हुआ था, लेकिन देखते ही देखते यह चंद मिनटों में करीब 10 फीट का गड्ढा हो गया और जिस तरह से लगातार यहां से सड़क धंस रही है उससे लग रहा है कि यह अभी और भी बड़ा हो सकता है। फिलहाल एनएचआई और जीएमडीए के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।