{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Dangerous Auto Ride in Gurugram: सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर पर नियमों की धज्जियां उड़ाता ऑटो वायरल, बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहा था वाहन

गुरुग्राम से सामने आया खतरनाक वीडियो। एक ऑटो में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार होकर सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर पर दौड़ते नजर आए।
 

गुरुग्राम: गुरुग्राम से साइबर सिटी में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक ऑटो के अंदर, पीछे और ऊपर तक लोगों के बैठे होने का दावा किया जा रहा है. ऑटो में सवारियों की संख्या देखकर यह सामान्य यात्री वाहन के बजाय ‘डबल डेकर यमराज एक्सप्रेस’ जैसा नजर आ रहा है.

ऑटो बना चलती-फिरती बस: वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ऑटो के अंदर काफी संख्या में लोग बैठे हैं. जगह खत्म होने के बाद कुछ लोग पीछे और ऊपर भी बैठे नजर आते हैं. दावा है कि ऑटो में दो दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी सवार थे और वे गुरुग्राम से सोहना की ओर जा रहे थे. इतनी संख्या में लोगों का एक छोटे ऑटो में सफर करना सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.

ऊपर भी बैठा दिए यात्री: ऑटो की तस्वीर देखकर ऐसा लगता है कि अंदर सीटें भरने के बाद वाहन के बाहरी हिस्से का भी यात्रियों को बैठाने के लिए इस्तेमाल किया गया. रात के अंधेरे में यह ऑटो गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर पर जाता दिखाई देता है. तेज रफ्तार यातायात के बीच इस तरह सफर करना यात्रियों के लिए जोखिम बढ़ा सकता है.

प्रतिबंधित फ्लाईओवर पर पहुंचा ऑटो: मामले की सबसे खास बात यह है कि जिस एलिवेटेड फ्लाईओवर पर ऑटो दिखाई दे रहा है, वहां ऑटो की एंट्री पर प्रतिबंध बताया जा रहा है. इसके बावजूद ऑटो सवारियों से खचाखच भरा हुआ फ्लाईओवर पर दौड़ता नजर आया. इससे ट्रैफिक नियमों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

नंबर प्लेट भी नहीं आई नजर: वीडियो में ऑटो के आगे और पीछे नंबर प्लेट भी दिखाई नहीं देने का दावा किया जा रहा है. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि बिना स्पष्ट नंबर प्लेट के वाहन सड़क पर कैसे चल रहा था. एक तरफ प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाती है, वहीं दूसरी तरफ ऐसी तस्वीरें नियमों के पालन की स्थिति पर सवाल खड़े करती हैं.

जल्दी पहुंचने के चक्कर में जोखिम: स्थानीय लोगों के मुताबिक ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक लोगों को बैठाकर सफर करना बेहद खतरनाक हो सकता है. हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की वास्तविक संख्या और वाहन के खिलाफ कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की ओर से होना बाकी है.

वीडियो ने उठाए कई सवाल: एक ऑटो में दो दर्जन से ज्यादा सवारियां, प्रतिबंधित फ्लाईओवर पर सफर और नंबर प्लेट का नजर नहीं आना...इन सभी पहलुओं ने सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि ट्रैफिक पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर वाहन और चालक की पहचान कर कोई कार्रवाई करती है या नहीं.