{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव: चंडीगढ़ हत्याकांड के विरोध में केमिस्टों ने मनाया 'काला दिवस'

चंडीगढ़ में केमिस्ट कैशियर की हत्या से केमिस्टों में आक्रोश। गुड़गांव केमिस्ट एसोसिएशन ने काले कपड़े पहनकर जताया विरोध, की सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग।

 

गुड़गांव : चंडीगढ़ में एक कैमिस्ट स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या के विरोध में गुड़गांव केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन द्वारा विरोध दर्ज कराया गया। विरोध दर्ज कराने का अंदाज कैमिस्टों का बिलकुल अलग देखने को मिला। गुड़गांव के कैमिस्टों ने विरोध में न तो कोई कैंडल मार्च निकाला और न ही कोई प्रदर्शन किया  बल्कि उन्होंने अपनी कैमिस्ट शॉप पर काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया और आज का दिन काले दिवस के रूप में मनाया

गुड़गांव कैमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद महरोत्रा ने बताया कि चंडीगढ़ में हुए जघन्य अपराध ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और सभी कैमिस्टों में असुरक्षा का भाव भर दिया है। उन्होंने कहा कि आज सभी कैमिस्टों ने काले कपड़े पहनकर लोगों को दवाएं दी। लोगों को दवाओं के लिए न भटकना पड़े इसके लिए उन्होंने कोई भी मेडिकल स्टोर बंद नहीं किया। एसोसिएशन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि कैमिस्टों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। अगर ऐसा न हुआ और पीड़ित परिवार को न्याय न मिला तो एसोसिएशन बड़े आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गुड़गांव ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में कैमिस्टों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुड़गांव में कैमिस्ट देर रात तक उपलब्ध रहते हैं जिसके कारण वह आसानी से अपराधियों के निशाने पर आ जाते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वह कैमिस्ट शॉप के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाएं। इसके साथ ही बाजारों में व सड़कों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि अपराधियों के मन में अपराध करने से पहले ही पकड़े जाने का खौफ बना रहे।