{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुरुग्राम: शादीशुदा प्रेमी ने युवती को जिंदा जलाया, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में युवती की आग लगाकर हत्या। रिलेशनशिप में विवाद के बाद प्रेमी ने फ्लैट में युवती को जिंदा जलाया। आरोपी सुनील कुमार को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

गुड़गांव : डेढ़ साल के रिलेशनशिप में आई दरार के बाद एक व्यक्ति ने अपनी गर्लफ्रेंड को उस वक्त जिंदा जला दिया जब वह सुलह करने के लिए एक फ्लैट में गए थे। घटना में घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां करीब 10 दिन तक इलाज के बाद युवती ने दम तोड़ दिया। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर गुड़गांव पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (उम्र-35 वर्ष) निवासी गुभाना, बादली, झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई। 

आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह गुरुग्राम में गोल्ड बायर की दुकान चलाता है और शादीशुदा है। मृतका करीब डेढ़ साल पहले सोना बेचने आई थी, जिस दौरान इनकी आपस में दोस्ती हो गई और ये एक-दूसरे के साथ रिलेशन में आ गए। मृतका को जब इसके (आरोपी) शादीशुदा होने का पता लगा तो इन दोनों के बीच झगड़ा जो गया। 18 जून को मृतका आरोपी की दुकान पर गई, जहां इन दोनों के बीच झगड़ा हो गया तो आरोपी ने दुकान में रखा कैरोसिन का तेल मृतका के कपड़ों पर डाल दिया, उसके बाद झगड़े को सुलझाने के लिए युवती में सोहना रोड़ पर स्थित सेन्ट्रल पार्क में एक फ्लैट बुक किया और ये दोनों (मृतका व आरोपी) फ्लैट पर चले गए और रात को वही रुके। अगले दिन 19 जून को सुबह इसने (आरोपी) महिला से कहा की अब कपड़ो में कैरोसिन की स्मैल नही आ रही है तो उसने कपड़े पहन लिए, इसी दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया और इसने (आरोपी) युवती को आग लगा दी। उसके बाद यह युवती को आर्टिमिस हॉस्पिटल ले गया, जहां से उसे सफदरजंग, दिल्ली हॉस्पिटल में रैफर कर दिया, जहां पर ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आरोपी की दुकान में रखी कैरोसिन की बोतल व आरोपी का मोबाईल फोन बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आपको बता दें कि 19 जून को सेक्टर-9ए थाना पुलिस को आर्टिमिस अस्पताल से एक सूचना आग में युवती के झुलसने के कारण अस्पताल में भर्ती होने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई। पुलिस टीम को यह भी सूचना मिली कि पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पीड़िता के साथ उपस्थित पीड़िता की मां से पुलिस टीम ने जब हालात और ब्यान देने के लिए बात की तो पीड़िता व उसकी मां ने कोई कानूनी कार्यवाही न करवाने के बारे में कहा। 27 जून को पीड़िता की सफदरजंग अस्पताल में ईलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पीड़िता की मृत्यु के पश्चात मृतका के चचेरे भाई ने 30 जून को थाना सेक्टर-9 में एक शिकायत शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह 22 जून को अस्पताल में अपनी बहन से मिलने गया तो (मृतका) ने इसको बतलाया कि सुनील उर्फ नोनी नाम के लड़के ने उसे जबरन जलाया है और किसी को सच बताने पर उसको, उसकी मां व बहन को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।