{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए शुरू हुआ 'दाना-पानी नेस्ट अभियान'

गुड़गांव में नवकल्प फाउंडेशन और रोटरी क्लब की पहल। भीषण गर्मी से बेजुबान पक्षियों को बचाने के लिए शहर भर में लगाए गए दाना, पानी और घोंसले। जानें कैसे जुड़ें।

 

गुड़गांव : नवकल्प फाउंडेशन ने रोटरी क्लब गुड़गांव तथा गौ सेवा ग्रुप के सहयोग से शिव वाटिका शिवपुरी में दाना-पानी नेस्ट अभियान के तहत पक्षियों के लिए दाना, पानी और नेस्ट लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य भीषण गर्मी के दोरान पक्षियों और अन्य बेजुबान जीवों के लिए भोजन एवं पानी की व्यवस्था करना है। 

इस अभियान की सराहना करते हुए लोगों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं अन्य बेजुबान जीवों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को अपने घरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बेजुबानों के लिए भोजन एवं पानी की व्यवस्था अवश्य करनी चाहिए। रोटरी क्लब गुड़गांव के अध्यक्ष सुभाष सिंगला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए ऐसे अभियान महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए हर वक्त सहायता करने का आश्वासन दिया है। 

वहीं, नवकल्प फाउंडेशन के संस्थापक अनिल कार्य ने अभियान के उद्देश्य और इसकी आवश्यकता के बारे में जानकारी दी तथा सहयोग के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पक्षियों की संख्या और उनके प्राकृतिक संसाधनों में लगातार कमी हो रही है। ऐसे में सामूहित सहभागिता से चलाए जा रहे दाना पानी नेस्ट अभियान का विशेष महत्व है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दाना-पानी नेस्ट की देखभाल करने और पक्षियों और अन्य बेजुबान जीवों के लिए भाेजन एवं पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम में गौ सेवा ग्रुप की ओर से मदन लाल अदलखा, मनोज धींगढ़ा, विजय नागपाल, रोहित धींगढ़ा और एडवोकेट हार्दिक धींगढ़ा की सहभागिता रही। कार्यक्रम में शिवपुरी से चंदू, राम कपूर, राजेंद्र कामरा, संजय गोगिया, नितिन बत्रा, वेद वर्मा, उमेश भारद्वाज, फकीर मनचंदा, राधेश्याम अदलखा, नवीन अदलखा, विजय, मनोज पाहुजा, गुरु प्रसाद, आरसी शर्मा, श्याम वाटिका न्यू कॉलोनी से लक्ष्मण पाहुजा, मदन लाल पाहुजा सहित अन्य मौजूद रहे।