{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुरुग्राम: CM सैनी की अध्यक्षता में बैठक, 15 में से 13 शिकायतों का समाधान

गुरुग्राम में सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई, जिसमें 15 में से 13 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।

 

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गुरुग्राम में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में कुल 15 शिकायतें और समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं. इनमें से 13 मामलों का मौके पर ही CM ने समाधान कर दिया गया, जबकि दो मामलों को लंबित रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

अधिकारियों को सख्त निर्देश: बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में स्वच्छता और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि, "शहर में अवैध रूप से सी एंड डी वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित बना रहे."

कैंडल मार्च पर कांग्रेस को घेरा: वहीं, कांग्रेस की ओर से निकाले जा रहे कैंडल मार्च पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, "युवाओं और छात्रों के नाम पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है. कांग्रेस और इंडी गठबंधन के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे छात्रों और युवाओं को राजनीतिक हथियार बनाने का प्रयास कर रहे हैं."

"हमारी सरकार ने युवाओं के हित में फैसले लिए": मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, "कांग्रेस के शासनकाल में सबसे अधिक नौकरियों में धांधली और बंदरबांट हुई, जबकि हमारी सरकार ने पिछले 12 सालों में छात्रों और युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. हमारी प्राथमिकता पारदर्शी भर्ती और युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है."

पंजाब भर्ती प्रक्रिया का भी CM ने किया जिक्र: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब एक्साइज विभाग की भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि, "पंजाब में भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, लेकिन कांग्रेस उस पर पूरी तरह चुप है. देश के युवाओं और छात्रों के नाम पर राजनीति करना उचित नहीं है. सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है."