गुड़गांव: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के पूर्व मैनेजर के घर फायरिंग; सिपाही घायल
गुड़गांव के कन्हई गांव में बाइक सवार बदमाशों ने राहुल फाजिलपुरिया के पूर्व मैनेजर सौरभ यादव के घर पर फायरिंग की। सुरक्षा में तैनात सिपाही घायल, दीपक नांदल गैंग पर शक।
गुड़गांव : कन्हई गांव देर रात को गोलियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यहां बाइक सवार बदमाशों ने सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर के बाहर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यहां चार राउंड फायरिंग किए गए जिसमें से एक गोली मैनेजर के घर के बाद सुरक्षा में तैनात सिपाही को लगी है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा और फॉरेंसिक की टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, सौरभ यादव को पहले ही दीपक नांदल गैंग की तरफ से धमकी मिली हुई थी। उसे काफी समय से विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे। सौरभ पहले राहुल फाजिलपुरिया का मैनेजर था और उसका सबसे ज्यादा करीबी भी रहा है। रात करीब सवा 11 बजे बाइक पर सवार होकर दो युवक आए जिन्होंने करीब 4 राउंड फायरिंग किए। इस दौरान सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलबीर घर के बाहर मौजूद थे जिन्हें एक गोली पेट पर छूकर निकल गई। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। वहीं, घायल सिपाही कुलदीप को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के लिए अपराध शाखा की टीमों को लगाया गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। आपको बता दें कि इससे पहले सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को भी गैंगस्टर द्वारा धमकी देकर उस पर हमला भी कराया जा चुका है। वहीं, सिंगर के फाइनेंसर की भी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल देर रात हुई फायरिंग के बाद गांव कन्हई में दहशत का माहौल है।