{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुड़गांव लेपर्ड ट्रेल मर्डर: पहाड़ी पर मिला महिला का सड़ा हुआ शव, जांच जारी

गुड़गांव के पिकनिक स्पॉट लेपर्ड ट्रेल की पहाड़ियों में महिला का सड़ा हुआ शव मिलने से हड़कंप। हाथ में चूड़ा और उम्र करीब 30 वर्ष। हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस।

 

गुड़गांव : गुड़गांव के पिकनिक स्पॉट लेपर्ड ट्रेल में महिला का सड़ी हुई अवस्था में शव बरामद हुआ है। मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की मानें तो प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि यहां महिला का शव डिस्पोज ऑफ किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। फिलहाल हादसा एवं हत्या दोनों ही ऐंगल से जांच की जा रही है।

बादशाहपुर थाना पुलिस के मुताबिक, गैरतपुर बांस एरिया के लोगों ने पहाड़ी के पास जब यह शव पड़ा देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। शव के पास से बदबू आ रही थी। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक व अपराध शाखा की टीमें भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने में लग गई। पुलिस के मुताबिक, शव मेन रोड से करीब 400 मीटर अंदर पहाड़ी में मिला है। महिला ने लोअर टीशर्ट पहनी हुई थी और उसके हाथ में चूड़ा भी है। ऐसे में लग रहा है कि महिला की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ है। वहीं, महिला की उम्र भी करीब 30 वर्ष के आसपास लग रही है। जिस हालत में शव मिला है उससे लग रहा है कि महिला की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई है।

लोगों के बीच पिकनिक स्पॉट के रूप में प्रसिद्ध हो रहे लेपर्ड ट्रेल में अपराध भी लगातार बढ़ने लगा है। पिछले दिनों जहां लेपर्ड ट्रेल में एक महिला का अपहरण कर रेप करने के प्रयास की घटना सामने आई थी वहीं, अब एक महिला का शव यहां पड़ा मिलने से महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हाे रहा है। इसके अलावा यहां दुर्घटनाएं होने तो आम बात बन गई है। पिछले दिनों जहां लेपर्ड ट्रेल में एक गाड़ी पलट कर पहाड़ी से नीचे गिर गई थी तो वहीं, बाइक सवार भी कई बार यहां चोटिल हो चुके हैं।