{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Pradeep Singh News 2026: मानेसर में वायु प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती: नोडल अधिकारी आशिमा बराड़ ने दिए 24 घंटे मॉनिटरिंग व चालान दोगुना करने के निर्देश

मानेसर में वायु प्रदूषण नियंत्रण की समीक्षा बैठक; नोडल अधिकारी आशिमा बराड़ के चालान दोगुना करने के निर्देश, 1692 चालान, एंटी स्मोग गन व ईवी बसों पर अपडेट।
 

गुड़गांव: वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नगर निगम मानेसर क्षेत्र में लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, जो मानेसर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण की नोडल अधिकारी भी हैं, ने गुरुवार को नगर निगम मानेसर के कार्यालय पहुंचकर मानेसर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वायु प्रदूषण के नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में निगम की ओर से 24 घंटे की मॉनिटरिंग अनिवार्य है।

⚖️ CAQM निर्देशों की अवहेलना पर कार्रवाई; चालान दोगुना करने के आदेश

नोडल अधिकारी आशिमा बराड़ ने कहा कि CAQM की ओर से जारी निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। निगम के सभी वार्डों में तैनात टीमों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग की जाए। जिस वार्ड में औसत से सही काम हो रहे हैं, अर्थात टीम द्वारा सख्ताई की जा रही है, वहां भी चालान आदि को दोगुना किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह गंभीरता दिखाई जाएगी तो अवश्य ही मानेसर क्षेत्र में प्रदूषण को कम किया जा सकेगा।

🚜 1692 चालान, स्वीपिंग मशीन और 9 एंटी स्मोग गन सक्रिय

बैठक में उपस्थित जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में टीमें लगातार काम कर रही हैं। खुले में कूड़ा डालने वाले, कूड़े में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस साल अभी तक निगम की ओर से 1692 लोगों के चालान किए गए। निगम क्षेत्र में रात में स्वीपिंग मशीन की सहायता से सड़कों की सफाई की जा रही है। निगम के करीब 600 कर्मचारी भी सड़क व गलियों की सफाई के लिए नियुक्त किए गए हैं। फिलहाल 9 एंटी स्मोग गन सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रही हैं। निगम के बेड़े में जल्द ही अन्य एंटी स्मोग गन मशीन शामिल होंगी।

🚌 100 ईवी बसों का संचालन और दादी सती चौक फ्लाईओवर का प्रस्ताव

नोडल अधिकारी ने कहा कि स्वीपिंग मशीन और एंटी स्मोग गन मशीन के रूट और समय सारिणी को RWA आदि के साथ साझा करें। उनके फीडबैक के अनुसार समय में बदलाव किए जाएं। इस दौरान आयुक्त ने निगम क्षेत्र में प्रदूषण के हॉटस्पॉट आदि के बारे में बताया। बैठक उपरांत नोडल अधिकारी आशिमा बराड़ ने निगम क्षेत्र में कई जगहों का मौका निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। GMCBL के एडिशनल CEO रविंद्र सिंह ने बताया कि मानेसर क्षेत्र में अभी CNG बसों को चलाया जा रहा है। इन CNG बसों के स्थान पर EV बसों का संचालन किया जाएगा। GMCBL के बेड़े में 100 EV बसों को शामिल कर लिया गया है। जल्द ही इन बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा। GMDA के अधिकारियों ने बताया कि दादी सती चौक, जोकि ट्रैफिक के दबाव में है, यहां जल्द ही एक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना है। इसकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है। इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार के अलावा GMDA, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, HSIIDC, DHBVN, NHAI के अधिकारी शामिल रहे।