{"vars":{"id": "123258:4912"}}

MC Gurugram Anti-Littering Drive: इस्लामपुर, सिकंदरपुर और सदर बाजार में एमसीजी की बड़ी कार्रवाई, वसूला गया भारी जुर्माना

नगर निगम गुरुग्राम ने दुकानों के बाहर कूड़ा फैलाने और डस्टबिन न रखने पर 32 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 91,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
 

गुड़गांव : नगर निगम गुरुग्राम द्वारा दुकानों के बाहर कूड़ा डालने तथा डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभिन्न बाजार क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के तहत कुल 32 चालान किए गए तथा 91,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

एमसीजी द्वारा की गई कार्रवाई के तहत इस्लामपुर में 31,500 रुपए का जुर्माना, सिकंदरपुर फर्नीचर मार्केट में 50,000 रुपए का जुर्माना तथा सदर बाजार में 10,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार तीनों स्थानों पर की गई कार्रवाई से कुल 91,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

नगर निगम की टीम द्वारा दुकानदारों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर कूड़ा न डालें तथा डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा जा रहा है, ताकि कचरा खुले में फैलने से रोका जा सके। एमसीजी का उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ दुकानदारों और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कचरे का उचित प्रबंधन करें। नगर निगम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एमसीजी ने दुकानदारों और बाजार के सभी हितधारकों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, डस्टबिन रखें और दुकानों के बाहर कूड़ा डालने से बचें। सामूहिक प्रयासों से ही गुरुग्राम के बाजारों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।