{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुरुग्राम हत्याकांड: प्रेमी ने की युवती की आग लगाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में 23 वर्षीय युवती की आग लगाकर हत्या। रिलेशनशिप में थे आरोपी और मृतका। शादीशुदा होने की बात पर विवाद के बाद आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम।

 

गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने 23 वर्षीय युवती की आग लगाकर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे. आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कैरोसिन तेल की बोतल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

अस्पताल में भर्ती के बाद हुई थी मौत: पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि, "19 जून 2026 को आर्टिमिस अस्पताल से सूचना मिली थी कि बसई निवासी दिव्या कटारिया आग से झुलसने के कारण अस्पताल में भर्ती है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया था. उस समय पीड़िता और उसकी मां ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया था."

27 जून को हो गई थी मौत: हालांकि, 27 जून को इलाज के दौरान दिव्या की मौत हो गई. इसके बाद 30 जून को मृतका के चचेरे भाई विकास कटारिया ने थाना सेक्टर-9ए में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में पीड़िता ने बताया था कि एक युवक ने उसे जबरन आग लगाई थी और किसी को सच्चाई बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार: पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-9ए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 जुलाई को आरोपी 25 वर्षीय आरोपी निवासी गुभाना, बादली (झज्जर) को सेक्टर-9ए क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.

डेढ़ साल से थे रिलेशनशिप में: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुरुग्राम में गोल्ड बायर की दुकान चलाता है और शादीशुदा है. करीब डेढ़ साल पहले मृतिका उसकी दुकान पर सोना बेचने आई थी, जहां दोनों की पहचान हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए. जब युवती को आरोपी के शादीशुदा होने का पता चला तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

झगड़ा सुलझाने के लिए की फ्लैट बुक: पुलिस जांच में सामने आया कि 18 जून को दोनों के बीच दुकान पर झगड़ा हुआ था. इसके बाद बातचीत कर विवाद खत्म करने के लिए सोहना रोड स्थित सेंट्रल पार्क में एक फ्लैट बुक किया गया, जहां दोनों रातभर रुके. अगले दिन सुबह दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और इसी दौरान आरोपी ने युवती पर कैरोसिन तेल डालकर आग लगा दी.आरोपी घायल अवस्था में युवती को आर्टिमिस अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान 27 जून को युवती की मौत हो गई.

कैरोसिन की बोतल और मोबाइल बरामद: वहीं, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसकी दुकान से कैरोसिन तेल की बोतल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में यह भी साफ हुआ है कि मृतका पर कैरोसिन तेल आरोपी सुनील कुमार ने ही डाला था, जिसके बाद उसे आग लगाई गई.

दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी: पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है.