{"vars":{"id": "123258:4912"}}

113 Pending Challans Bike Seized: एमडीआई चौक पर पुलिस चेकिंग, कागजात न दिखाने पर पकड़ी गई बाइक

गुरुग्राम में यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसी मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है, जिस पर 113 चालान और 10 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना बकाया है।
 

गुरुग्राम: यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इस अभियान के तहत पुलिस ने ऐसी मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है, जिस पर कुल 113 चालान लंबित पाए गए. इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये है.

दस्तावेज नहीं दिखा पाया चालक: MDI चौक पर तैनात जोनल अधिकारी ASI प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे. इस दौरान टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका और चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा. चालक जांच के दौरान कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया. इसके बाद मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो उस पर बड़ी संख्या में लंबित चालान सामने आए.

बिना हेलमेट और इंश्योरेंस समेत कई उल्लंघन: जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 113 चालान लंबित हैं. इनकी कुल जुर्माना राशि 10,68,500 रुपये बताई गई है. लंबित चालानों में बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) नहीं होने, बिना इंश्योरेंस और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से जुड़े चालान शामिल हैं.

लंबित चालानों के चलते मोटरसाइकिल इंपाउंड: पुलिस ने बताया कि लंबित चालानों को देखते हुए मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई. इसके तहत संबंधित मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया गया.

ट्रैफिक पुलिस चला रही विशेष अभियान: गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान के लिए जागरूक करना भी है.

वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील: जोनल अधिकारी ASI प्रवीण कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें. इनमें वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं. उन्होंने वाहन चालकों से अपने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की भी अपील की है. पुलिस के मुताबिक यातायात नियमों का पालन वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है.113 Pending Challans Bike Seized: एमडीआई चौक पर पुलिस चेकिंग, कागजात न दिखाने पर पकड़ी गई बाइक