{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ गुरुग्राम, नूंह के लिए रवाना हुई बृजमंडल शोभायात्रा

सावन के पहले सोमवार पर गुरुग्राम के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं, कड़े सुरक्षा इंतजामों और ड्रोन की निगरानी में बृजमंडल शोभायात्रा नूंह के लिए रवाना हुई।

 

गुड़गांव : सावन की शुरुआत होते पूरा गुड़गांव शिवमय हो गया है। सावन के पहले सोमवार को जहां शिवभक्तों का शिवालयों में हुजूम उमड़ा हुआ है वहीं, आज होने वाले बृज मंडल शोभा यात्रा भी शिवालयों से नूंह के लिए रवाना हो गई। हालांकि बृजमंडल शोभा यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। वहीं, शिवालयों में जलाभिषेक के बाद यह यात्रा नूंह के लिए रवाना हो गई।

सावन के पहले सोमवार को सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही शिवभक्त अपने आराध्य का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर पहुंच गए। किसी ने गंगाजल से अभिषेक किया तो कोई पंचामृत लेकर यहां पहुंचा। फूल, बेलपत्र चढ़ाकर शिव पूजन किया। सुबह से ही शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे। शहर के प्रमुख शिव मंदिर राजीव नगर, सेक्टर-10 सहित भूतेश्वर महादेव मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ नजर आई।

उधर, आज होने वाली बृज मंडल शोभायात्रा की शुरूआत भी हो गई। सुबह सेक्टर-12 शिव मंदिर, सेक्टर-10 राधाकृष्ण मंदिर, मानेसर सहित पटोदी व अन्य मंदिरों से सैकड़ों शिवभक्त बृजमंडल शोभा यात्रा करने के लिए निकले। यह यात्रा गुड़गांव से शुरू हुई और हरिद्वार से लेकर कावड़ नूंह के नलहड़ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां नलहड़ महादेव का जलाभिषेक करने के बाद यह यात्रा फिरोजपुर झिरका के झिर महादेव मंदिर पहुंचेगी और महादेव का जलाभिषेक करने के उपरांत श्रृंगार गांव में सम्पन्न होगी। बृजमंडल शोभा यात्रा को लेकर नूंह में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिसबल तैनात किए जाने के साथ ही ड्रोन की मदद से पूरी यात्रा पर निगरानी की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। यह यात्रा देर शाम को गांव श्रृंगार में सम्पन्न हो जाएगी।