Gurugram Encounter: दीपक नांदल गैंग का शूटर निवेश उर्फ डिल्ला गिरफ्तार, STF से मुठभेड़
गुड़गांव में STF हरियाणा और दीपक नांदल गैंग के शूटर निवेश उर्फ डिल्ला के बीच मुठभेड़। पैर में गोली लगने के बाद बदमाश काबू। अवैध हथियार और कारतूस बरामद।
गुड़गांव : हरियाणा के गुड़गांव में देर रात को दीपक नांदल गैंग के शूटर और एसटीएफ हरियाणा की गुड़गांव टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश की तरफ से लगातार फायरिंग की जा रही थी। जब एसटीएफ की टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली बदमाश के पैर पर जा लगी जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया और सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ पीएसआई विकास की तहरीर पर डीएलएफ फेज-1 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 व 25 आर्मस एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया है। आरोपी की पहचान राई सोनीपत निवासी निवेश उर्फ डिल्ला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल की रात को एसटीएफ हरियाणा की गुड़गांव यूनिट को गांव बंधवाड़ी फ्लाईओवर के पास गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के सहयोगी शूटर निवेश उर्फ डिल्ला के आने की सूचना मिली थी। सूचना थी कि निवेश उर्फ डिल्ला बिना नंबर की एचएफ डीलक्स बाइक पर यहां से गुजरेगा। इस पर टीम ने उसे रोकने के लिए नाकाबंदी की। जैसे ही टीम उसे रुकवाने का प्रयास कर रही थी तो डिल्ला ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायर में एसटीएफ स्टाफ तो बच गया, लेकिन जब टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली डिल्ला के दाए पैर में लगी जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया और टीम ने उसे काबू कर लिया। घायल को पुलिस ने सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक ऑटोमेटिक पिस्टल, तीन जिंदा रौंद व चार खोल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग किए गए हैं। जिसमें से चार राउंड आरोपी की तरफ से फायरिंग किए गए। प्रारंभिक तौर की जांच में सामने आया है कि आरोपी कई संगीन वारदातों में शामिल है और वह लंबे समय से पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। अब भी वह एक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। फिलहाल मामले में आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा और उससे पूछताछ की जाएगी।