Heart Attack Kherki Daula News 2026: गुड़गांव में ड्यूटी के दौरान UP पुलिस के कांस्टेबल को हार्ट अटैक: अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
गुड़गांव: उत्तर प्रदेश के वांछित गैंगस्टर के सक्रिय सदस्य की तलाश में गुड़गांव पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल को हार्ट अटैक आ गया। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल की हालत और अधिक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। यहां से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया। वहीं, सिविल अस्पताल से सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
📋 मथुरा के मगोर्रा थाने में तैनात था कांस्टेबल, गैंगस्टर केस में थी तलाश
जानकारी के मुताबिक, मृतक कांस्टेबल राहुल मथुरा के मगोर्रा थाने में तैनात था। जून 2026 को मगोर्रा थाने में गैंगस्टर जगदीश व उसके सक्रिय सदस्य ओम के खिलाफ गिरोहबंदी एवं समाज के विरुद्ध क्रियाकलापों से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों के मथुरा के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं। इसमें थानाध्यक्ष हरीश चौधरी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था।
🚑 द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले निधन
जांच के दौरान 25 नवंबर को उप निरीक्षक विकास कुमार, हैड कांस्टेबल गिरीश कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार व कांस्टेबल राहुल कुमार गैंगस्टर जगदीश की गैंग के सक्रिय सदस्य ओम की तलाश में निकले थे। जब वे थाना खेड़कीदौला क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर चढ़ने वाले थे, तो अचानक कांस्टेबल राहुल कुमार को हार्ट संबंधी दिक्कत हो गई, जिन्हें तुरंत ही खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के कांगड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन राहुल की तबीयत अधिक नाजुक हो गई और वह बेहोश हो गए। ऐसे में साथी पुलिसकर्मी उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने लगे। बेहोश होने पर उन्हें सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
🩺 इटावा के रहने वाले थे कांस्टेबल, बिसरा जांच के लिए भेजा गया
पुलिस के मुताबिक, मृतक कांस्टेबल राहुल कुमार निवासी ग्राम खेड़ा दौलतपुर, पोस्ट दरबार, थाना जसवंतनगर, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। गुड़गांव पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शव को खेड़कीदौला थाना पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक तौर की जांच में कांस्टेबल राहुल की मौत का कारण हार्ट अटैक होना सामने आया है। शव का बिसरा जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।