{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Uday Bhanu Chib News 2026: गुड़गांव में Meta कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन: चली वाटर कैनन, उदय भानु चिब व निशित कटारिया हिरासत में

गुड़गांव में Meta कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन; पुलिस ने चलाई वाटर कैनन, उदय भानु चिब व निशित कटारिया हिरासत में।
 

गुड़गांव: गुड़गांव स्थित Meta कार्यालय पर उस वक्त हंगामा हो गया जब युवा कांग्रेसियों ने Meta कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। यहां बेरिकेड लगाकर बैठे भारी पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेसी नहीं माने और बेरिकेड तोड़कर अंदर जाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर युवा कांग्रेसियों को तितर-बितर किया, जिसके बाद कुछ प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने BJP सरकार सहित Meta के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

📱 इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने से नाराज है युवा कांग्रेस

दरअसल, पिछले दिनों Meta ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब व प्रभारी मनीष शर्मा का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया था। इस अकाउंट को दोबारा बहाल किए जाने की मांग लगातार युवा कांग्रेस के पदाधिकारी कर रहे हैं। इसको लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने दो बार Meta कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया और BJP सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान पुलिस ने पहले भी उन्हें हिरासत में लिया था। दो बार प्रदर्शन करने के बाद भी Meta की तरफ से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद शनिवार को Meta कार्यालय के बाहर राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में युवा कांग्रेस एकत्र हुई और जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेसियों ने BJP सरकार और Meta के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भारी पुलिसबल मौजूद रहा, जिन्होंने बेरिकेड करके कांग्रेसियों को Meta कार्यालय के बाहर ही रोक लिया।

💦 बेरिकेड तोड़ने की कोशिश, वाटर कैनन और हिरासत

युवा कांग्रेसियों ने इसका विरोध करते हुए बेरिकेड तोड़ते हुए Meta कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। काफी देर तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद पुलिस ने प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इस दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के साथ-साथ कुछ अन्य पदाधिकारियों को भी हिरासत में लिया गया। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई से युवा कांग्रेसियों का गुस्सा भड़कने लगा। इस पर पुलिस ने उन्हें पीछे करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया। कांग्रेसियों पर पानी की बौछार की गई तो वे पीछे हटने लगे, जिसके बाद पुलिस ने माहौल को शांत कराया। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को थाने ले जाया गया है, जहां आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।