हांसी: चानौत गांव का आंदोलन 35वें दिन जारी, अनशनकारियों की प्रशासन को चेतावनी
हांसी के चानौत गांव में पेयजल के लिए 35 दिनों से जारी आंदोलन। अनशनकारियों ने प्रशासन और विधायक को दी चेतावनी, कहा- मांग पूरी होने तक नहीं रुकेगा धरना।
हांसी : हांसी के गांव चानौत में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन लेकर पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन 35वें दिन भी जारी रहा। गुरुवार को डीसी और एसपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चानौत संघर्ष समिति और आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए।
आमरण अनशन पर बैठे सभी पांच अनशनकारियों ने अपना एफिडेविट जारी करते हुए कहा कि वे अपनी इच्छा और स्वेच्छा से अनशन कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए विधायक विनोद भ्याणा, हांसी के डीसी राहुल नरवाल और एसपी विनोद कुमार जिम्मेदार होंगे। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा आंदोलन को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने हांसी एसपी द्वारा धरना कमेटी से जुड़े लोगों को "शरारती तत्व" बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। इस बयान को लेकर पूरे चानौत गांव में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मांग शुरू से ही स्पष्ट रही है और उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। उनका कहना है कि उन्हें राजली हेड से पानी नहीं चाहिए। उनकी एकमात्र मांग है कि हांसी शहर को आने वाली मौजूदा पेयजल पाइपलाइन का साइज बढ़ाकर उसी लाइन से टी-कनेक्शन देकर चानौत गांव को पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीणों ने यह भी साफ कर दिया कि वे किसी वैकल्पिक योजना को स्वीकार नहीं करेंगे और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन और आमरण अनशन जारी रहेगा। चानौत संघर्ष समिति ने प्रशासन से आंदोलन को लेकर सकारात्मक पहल करने और ग्रामीणों की मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है। वहीं गांव में चल रहा धरना अब 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है और आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।