{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हांसी: महिला आयोग की सुनवाई के बाद रेस्ट हाउस में चले लात-घूंसे, 4 गिरफ्तार

हांसी में महिला आयोग चेयरपर्सन रेणु भाटिया की सुनवाई के बाद पति-पत्नी के दो पक्ष आपस में भिड़े। पुलिस के साथ भी हाथापाई, मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार।

 

हांसी: PWD रेस्ट हाउस पहुंची महिला आयोग चेयरपर्सन रेणु भाटिया की सुनवाई के बाद माहौल अचानक गरमा गया. सुनवाई पूरी होने के बाद बाहर आए दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. इस दौरान उन्होंने पुलिस पर भी हाथापाई कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

हांसी में दो गुटों में विवाद: आपको बता दे कि हांसी में महिला आयोग चेयरपर्सन रेणु भाटिया की सुनवाई के बाद हुए बवाल ने तूल पकड़ लिया. विवाद दरअसल पति-पत्नी के बीच का मामला था, लेकिन सुनवाई के बाद हालात बेकाबू हो गए. PWD रेस्ट हाउस के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच वाद विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई करने का आरोप है.

सामने आया मारपीट का वीडियो: दोनों गुटों में मारपीट का वीडियो सामने आया है. जिसमें दोनों एक दूसरे को लात-दूंसे मारते दिखाई दे रहे हैं. पति-पत्नी के विवाद में दो गुट आपस में भिड़ गए. पुलिस ने जब दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की, तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार: हांसी सिटी SHO सुखजीत सिंह ने बताया कि "मामले में कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले. झड़प के दौरान पुलिस के साथ भी हाथापाई की गई. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है."