{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hansi Sanitation Workers Strike: हांसी में 34 दिन से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर बड़ा एक्शन, 9 महिलाओं समेत 18 गिरफ्तार

हांसी में 34 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पुलिस ने 18 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग।
 

हांसी: हरियाणा में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और हड़ताली कर्मचारी आमने-सामने आ गए हैं. 34 दिन से जारी सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेडकर्मियों की हड़ताल के बीच पुलिस ने 18 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है. इनमें 9 महिलाएं भी शामिल हैं. सफाई कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. हिरासत में लिए गए कर्मचारियों का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाकर गया, अब थोड़ी देर बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.

34 दिनों से जारी है अनिश्चितकालीन हड़तालः नगर परिषद के सफाई कर्मचारी पिछले 34 दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. कर्मचारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी कर्मचारी ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है. उनका साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी. हिरासत में लिए गए 18 कर्मचारियों को पहले नारनौंद ले जाया गया था और बाद में उन्हें नहीं छोड़ा गया. हड़ताल के दौरान यह पहला मामला दर्ज होने की बात सामने आई है.

कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांगः सफाई कर्मचारी जिला प्रधान बलजीत सिंह ने सरकार पर ज्यादती करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि "कर्मचारियों की मांगें जायज हैं. गिरफ्तारी से कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना शामिल है." कर्मचारियों का कहना है कि "सरकार चाहे जितने कर्मचारियों को गिरफ्तार कर ले, लेकिन जब तक लिखित में आदेश जारी नहीं होता, हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी."

कर्मचारियों की गिरफ्तारी का विरोधः वहीं गिरफ्तार किए गए कर्मचारी जसबीर ने कहा कि उन्हें गलत तरीके से पकड़ा गया है. उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें पूरा करने की मांग की. अग्निशमन कर्मचारी विनोद कुमार ने भी कर्मचारियों की गिरफ्तारी का विरोध किया. उन्होंने कहा कि 18 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है और कर्मचारियों के साथ गलत किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने साथियों के साथ खड़े हैं और जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा.

प्रशासन वैकल्पिक संसाधनों से चला रहा है सफाई अभियानः दूसरी ओर प्रशासन ने भी साफ कर दिया है कि हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी. प्रशासन की ओर से वैकल्पिक संसाधनों के जरिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है. डीएमसी लक्षित सरीन ने कहा कि "शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है." उन्होंने आमजन से अपील की कि लोग सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें. घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग मिल सके.

हड़ताल को लेकर बढ़ रहा है टकरावः फिलहाल हांसी में 34 दिन से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और 18 कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद टकराव और बढ़ता नजर आ रहा है. कर्मचारी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, जबकि प्रशासन सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम कर रहा है.